आनन्द कुमार:-
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने करीब 25 स्थानों पर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मांगें पुरानी पेंशन बहाली से ही पूरी होंगी। एनपीएस (नई पेंशन योजना) को लेकर कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में हजारों रेलवे कर्मचारियों ने अपने तैनाती स्थलों पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग करते हुए धरना दिया और ज्ञापन सौंपा। डीआरएम ऑफिस और वर्कशॉप्स में हुए प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी भी की।

उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन के शाखा मंत्री हरेंद्र सिंह भदोरिया ने बताया कि उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन, भारतीय रेलवे मजदूर संघ और भारतीय मजदूर संघ समय-समय पर कर्मचारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। इसी क्रम में आलमबाग स्थित उत्तर रेलवे के कैरिज शाप प्रांगण में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया।
इस प्रदर्शन में एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग की गई। साथ ही, 8वें वेतन आयोग का गठन, कर मुक्त आय की सीमा को 8 लाख तक बढ़ाने, केंद्रीय कर्मचारी समूह बीमा योजना में बीमा राशि न्यूनतम 15 लाख करने जैसी अन्य मांगों पर भी जोर दिया गया।
इस सभा में हरिश्चंद्र राजभर, आशीष कुमार, विजय कुमार, कल्लू जी, देवेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ, बनारस और गोरखपुर में अभी यह प्रदर्शन प्रतीकात्मक था, लेकिन यदि उनकी मांगे पूरी नहीं होती हैं, तो भारतीय मजदूर संघ और भारतीय रेलवे मजदूर संघ बड़ा कदम उठा सकते हैं।
